
कोरिया बैकुंठपुर। जिले में दिव्यांगजन एवं वृद्धजन के कल्याण के लिए जिला स्तरीय शिविर का आयोजन जिला प्रशासन के तत्वाधान में समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया । यह दो दिवसीय शिविर 9 मार्च को बैकुंठपुर के जिला पंचायत ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जबकि 12 मार्च को सोनहत विकासखंड में आयोजित किया जाएगा।
शिविर में 271 लोगों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 133 लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 30 ट्राइसाइकिल, 20 व्हीलचेयर, 65 छड़ी, 08 बैसाखी, 09 श्रवणयंत्र और 01 मोटराइज्ड साइकल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 52 लोगों के ष्ठढ्ढष्ठ कार्ड, 04 लोगों का श्रम पंजीयन, 02 लोगों का आधार कार्ड, और 04 लोगों का रोजगार पंजीयन किया गया। कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए 13 प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे किसी से कम नहीं हैं, बस उन्हें सहारे की जरूरत है। साथ ही, उन्होंने सभी को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने बच्चों को शिक्षित कर अधिकारी बनाने को कहा । जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करना न केवल इस शिविर का लक्ष्य है, बल्कि प्रशासन का कर्तव्य भी है। इस अवसर पर कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















