
लखनपुर। जैसी आशंका जताई जा रही थी ठीक वैसा ही हुआ। आठ माह के दुंधमुंहे बेटे की चाकू से वार करने वाली मां की भी तालाब में लाश मिली। ग्लानिवश आत्महत्या कर लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पानी में डूबने से मौत होना बताया गया है। मालूम हो कि ग्राम सकरिया निवासी पवन चौहान पत्नी फूलकुंवारी व आठ माह के बच्चे के साथ रहता था। पवन शराब पीने का आदी है। इस कारण पत्नी के साथ उसका विवाद होता रहता था। बीते 25 जनवरी को छेरता लोकपर्व था। पत्नी ने पति को शराब सेवन नहीं करने की समझाइश दी थी।महिला ने पति से कहा था कि यदि वह शराब सेवन कर घर आया तो बच्चे को मार डालेगी और खुद भी जान दे देगी। पत्नी की समझाइश का पति पर कोई असर नहीं पड़ा था शराब के नशे में पति घर लौटा था। वह सो गया था। पत्नी,बच्चे के साथ सो रही थी। भोर में पति उठा था। पत्नी से उसने गुड़ाखू व पानी मांगा था। पत्नी दरवाजा खोलकर बाहर निकली थी। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी थी। अचानक बिस्तर पर खून से लथपथ दुधमुंहे बेटे को देखा था। उसका गला कटा था। पेट की अंतडिय़ां बाहर निकली हुई थी। मां के फरार हो जाने के कारण स्पष्ट हो गया था कि उसी ने मासूम बेटे की हत्या की है। घटना के बाद से पुलिस और स्वजन महिला की लगातार खोजबीन कर रहे थे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही थी। आखिरकार हुआ भी वैसा ही। ग्राम सकरिया और कुन्नी के बीच पडऩे वाले एक तालाब में महिला की लाश मिली। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। उसकी पहचान बेटे की हत्या करने वाली मां के रूप में ही की गई।पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन को सौंप दिया है। कुन्नी चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि महिला के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।





















