
कोरबा। कोयलांचल दीपका की प्रतिभाशाली बेटी अनामिका शुक्ला पिता मधुसूदन शुक्ला का चयन वुड बॉल वल्र्ड कप 2023 में हुआ है। यह आयोजन पहांग, मलेशिया में 26-31 जुलाई तक संपन्न होगा। इसमें अनामिका भारतीय टीम से खेलेंगी इस स्पर्धा में विभिन्न देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
अनामिका इससे पहले भी एक बार 2019 में 24वाँ इंटरनेशनल वुड बॉल वर्ड कप ताइवान में भारतीय टीम में चयनित होकर अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं, जहां उन्होंने अपना उच्च प्रदर्शन दिखाया था। वुड बॉल में अनामिका ने अनेक मेडल अर्जित किया है। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी 2019 में 1 गोल्ड मेडल, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी 2020 में 2 गोल्ड मेडल, 17वीं सीनियर नेशनल वुड बॉल चैम्पियनशिप 2019 में गोल्ड मेडल, फेडरेशन कप में सिल्वर मेडल , वुड बॉल विंटर लीग 2023 में गोल्ड मेडल के साथ साथ 3 कांस्य पदक हासिल किया है। अपने उच्च प्रदर्शन और प्रतिभा को देखते हुए अनामिका का चयन भारतीय टीम में किया गया है। अनामिका वुडबॉल के साथ साथ हैंडबॉल की नेशनल और कराते और कुमिते में भी अपना हुनर दिखा चुकी है और नैशनल प्लेयर रह चुकी हैं।
पिता ने हासिल की उपलब्धि
अनामिका के एसईसीएल कर्मी पिता मधुसूदन शुक्ला कबड्डी के जाने माने उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं। उन्होंने मेन ऑफ द मैच, बेस्ट केचर, बेस्ट डिफ़ेंडर जैसे कई खिताब अपने नाम किए है। वे बताते हैं कि खिलाडिय़ों को बहुत कुछ प्रेरणा अपने परिवार और आसपास के वातावरण से मिलती है। अनामिका की सफलता से उनके परिवार और समाज में खुशी का माहौल है।




















