
चंडीगढ़, 0५ जनवरी । भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई वाली केंद्र सरकार ने पूरे देश का विकास किया है, भाजपा उसी आधार पर पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।यह बात वीरवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रदेश प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी एवं लोकसभा प्रवास कमेटी की बैठक के बाद कही। अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए जाखड़ ने कहा कि सभी जानते हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप है। अब देखना यह है कि वह कब तक खुद को बचाने के लिए बहानेबाजी करते हैं। केजरीवाल को पता है कि उनका भविष्य सलाखों के पीछे है। एक समझदार व्यक्ति के लिए यह बात भी उतनी ही दिलचस्प है कि भगवंत मान इस मुश्किल घड़ी में केजरीवाल से दूरी बनाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं। सुखपाल खैहरा के खिलाफ नया केस दर्ज करने के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ मानक अलग-अलग नहीं हो सकते हैं। अगर पंजाब में भ्रष्टाचार में शामिल नेताओं को कानून का सामना करना पड़ रहा है तो दिल्ली में आप सुप्रीमो के खिलाफ ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि गठजोड़ से संबंधित प्रश्न का उत्तर देना या इस तरह का कोई भी फैसला लेना केंद्रीय नेतृत्व का अधिकार है।इससे पहले जाखड़ ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान सभी से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और विकास का संदेश घर-घर पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार प्रत्येक क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों में अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए सीटों की संख्या 303 से 400 तक ले जाएगी।


























