
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक के पास करणी सेना के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ शहरवासियों ने शांति पूर्वक प्रदर्शन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए, नहीं तो करणी सेना उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कुछ लोगों ने उनके घर पर ही गोली मारकर कर दी थी। इससे करणी सेना सहित पूरा देश आक्रोशित हो उठा है। इस हत्या के विरोध में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कचहरी चौक जांजगीर स्थित शहीद स्मारक के पास करणी सेना के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपना विरोध प्रदर्शन किया। हत्यारों का पुतला दहन कर करणी सेना ने उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही दिवंगत को श्रद्धांजलि दी गई। विरोध प्रदर्शन में शहरवासी भी शामिल हुए और जघन्य हत्या को लेकर अपना विरोध दर्ज करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। जांजगीर एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में करणी सेना ने बताया कि इस कायरता पूर्ण हत्या से पूरा देश आंदोलित है। दिनदहाड़े घर घुसकर हुए हत्या से सभी असुक्षित महसूस कर रहे हैं। हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर करणी सेना उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी। इस अवसर पर दिनेश सिंह राणा, अर्जुन सिंह क्षत्रिय,गौरव सिंह मिनेंद्र सिंह सेंगर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


























