रामानुजगंज। वन परिक्षेत्र रामानुजगंज में पिछले कई दिनों से 35 हाथियों का दल उत्पात मचा रहा है। 22 अगस्त की रात ग्राम पंचायत लावा में हाथियों के दल ने 22 किसानों के धान, मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। कुछ किसानों के खेतों में लगी पाइप को हाथियों ने तहस नहस कर दिया। इसी रात हाथियों ने ग्राम पंचायत बनापती में भी पांच किसानों की फसल को बर्बाद कर दिया। दूसरे दिन हाथियों ने ग्राम पंचायत विजयनगर में भी जमकर उत्पात मचाते हुए गणेश यादव के टमाटर, धान की फसल को नुकसान पहुंचाते हुए वहां लगी ड्रिप पाइप को तोड़ दिया। हाथियों ने गांव के शिव लाल यादव,रामदुलारी प्रजापति,रामसेवक प्रजापति की धान फसल को क्षति पहुंचाई है। हाथी इसके बाद ग्राम पंचायत मेघुलि पहुंचे जहां सरपंच सुखसागर सिंह की धान के फसल को बर्बाद कर दिया। इसके अलावा मनोज राम,गंगा सागर, हुबलाल, संतोष सिंह, राजकुमार, तारनी सिंह, धर्मदेव सिंह, अमीनुद्दीन अंसारी, महेंद्र सिंह,अयूब अंसारी की धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया। गांव के जमुना सागर सिंह और अहमद अंसारी के खेत में लगी पाइप को हाथियों ने कई हिस्सों में तोड़ दिया। 35 हाथियों के क्षेत्र में आ जाने से ग्राम वासियों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार मौके पर पहुंच कर क्षति का आकलन कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोका जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में मुनादी भी कराई जा रही है। हाथियों से प्रभावित महावीरगंज, गम्हरिया, मेघुलि, केवली, चाकी, लावा, बगरा, विजयनगर, चुमरा, बनापति, शिवपुर, चिनियां, रामपुर, कनकपुर के लोगों को हाथियों से सतर्क रहने कहा गया है। इन क्षेत्रों में हाथियों केे पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।