
वाराणसी, ३१ मई ।
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में एक जून को पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी मतदान होना है। इससे पहले पीएम मोदी ने गुरुवार को काशीवासियों के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने काशीवासियों से एक जून को रिकार्ड मतदान करने की अपील की है। पांच मिनट 42 सेकंड के इस वीडियो में प्रधानमंत्री ने पूरा संदेश भोजपुरी में दिया है। उन्होंने कहा है, काशी के हमरे परिवार के लोगन के हमार प्रणाम। लोकसभा चुनाव के मतदान क दिन आ ही गइल हव। हमरे लिए काशी भक्ति, शक्ति अउर विरक्ति की नगरी हव। इ विश्व क सांस्कृतिक राजधानी हव। ए नगरी के प्रतिनिधि होना बाबा विश्वनाथ के असीम कृपा और काशीवासियन के कृपा से ही संभव हव। हम एहिलिए कहीला कि अब माई गंगा हमें गोद ले लेले हईं। काशी का ए बार क चुनाव नव काशी के साथ विकसित भारत क चुनाव हव। वह कहते हैं कि हमें याद है कि हमारे नामांकन के दिन युवा पीढ़ी किस तरह एक अलग तरह के उत्साह में थी। हमारा आग्रह है कि अब यह उत्साह हर बूथ पर दिखना चाहिए। काशी के विकास को अब नई ऊंचाइयों पर ले जाने का अवसर है। यह तभी संभव होगा जब एक जून को वाराणसी के लोग भारी संख्या में मतदान करेंगे। युवाओं, महिलाओं और किसानों से विशेष आग्रह करते हुए पीएम ने कहा कि आपका एक-एक वोट हमारी ताकत बढ़ाएगा। इससे हमें नई ऊर्जा मिलेगी। आपके समाज के हर व्यक्ति, काशी के हर बुजुर्ग से मतदान करवाना है। आपको याद रखना है कि पहले मतदान, फिर जलपान। पिछले 10 वर्षों में काशी ने केंद्र सरकार की हर योजना में साथ दिया और मार्गदर्शन किया है। बाबा विश्वनाथ का भव्य धाम, रिंग रोड, रेलवे स्टेशन का विकास और गंगा घाट का विकास, सडक़ परियोजनाएं, हर योजना ने न केवल काशी बल्कि पूरे पूर्वांचल को नए विकास से जोड़ा है।
अब इस विकास की गति को आपके वोट से आगे बढ़ाया जाएगा। काशी पिछले 10 वर्षों में युवा कल्याण और विकास की राजधानी बन गई है। हमने सांसद खेल प्रतियोगिता में आपका उत्साह देखा है। काशी के लाखों लोगों को मोतियाबिंद का इलाज मिल रहा है। पर्यटन विकास के कारण शहर में रोजगार बढ़ रहा है और हर योजना और अभियान काशी की युवा पीढ़ी, महिलाओं और किसानों को नई ताकत दे रहा है।

































