नंदकुमार के नाम पर खोली युनिवर्सिटी, नहीं हो रहा पंजीयन

जांजगीर- चांपा। शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ को प्रारंभ हुए तीन साल हो गए मगर रोजगार कार्यालय के पोर्टल में इस विश्वविद्यालय की डिग्री, डिप्लोमा के पंजीयन के लिए विकल्प नहीं दिखाता। ऐसे में विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। आनलाइन पंजीयन के दौरान कंप्यूटर दुकान संचालक किसी भी विश्वविद्यालय को सलेक्ट कर पंजीयन कर देते हैं जबकि नियमानुसार यह गलत है।जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के सभी शासकीय व निजी कालेज रायगढ़ के शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। हजारों छात्र-छात्रा इस विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में पढ़ते हैं मगर जब रोजगार कार्यालय में पंजीयन की बात आती है तो वेबसाइट में इस विश्वविद्यालय का विकल्प ही नहीं है। ऐसे में इस विश्वविद्यालय के नाम से बेरोजगारों के डिग्री, डिप्लोमा का पंजीयन नहीं होता बल्कि किसी अन्य विश्वविद्यालय का नाम चयन करने पर ही पंजीयन होता है। ऐसे में विद्यार्थियों की डिग्री डिप्लोमा उनके अंकसूची के अनुसार रोजगार कार्यालय के पोर्टल पर दर्ज नहीं हो पाता। खासकर दूसरे राज्य के विद्यार्थियों को और परेशानी होती है। जिले में दूसरे राज्य से बड़ी संख्या में बीएड करने विद्यार्थी आते हैं और यहां से जाने के बाद जब वे अपने राज्य में रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराने जाते हैं तो इस विश्वविद्यालय का विकल्प ही नहीं मिलता। ऐसे में वे परेशान हो रहे हैं। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारी को भी इसकी जानकारी हैं मगर इस संबंध में अपने उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराया गया है। अगर इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी जाती तो इसमें सुधार हो सकता था मगर न तो रोजगार कार्यालय के अधिकारियों ने इसकी सुध ली और न ही विश्वविद्यालय के अधिकारियों को इस समस्या से कुछ लेना देना नहीं है। जबकि विश्वविद्यालय को खुले तीन साल हो गए हैं। शासकीय नौकरी के लिए पंजीयन जरूरी राज्य या केंद्र सरकार की शासकीय नौकरी के लिए रोजगार कार्यालय में पंजीयन आवश्यक है। राज्य में आनलाइन पंजीयन की सुविधा भी दी गई है। घर बैठे भी बेरोजगार आनलाइन पंजीयन करा सकते हैं और इसकी कापी प्रिंट कर रोजगार कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा शासन द्वारा संचालित बेरोजगारी भत्ता योजना का भी लाभ ले सकते हैं।

RO No. 13467/11