जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। देश के कोने कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पवित्र गुफा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सवा चार लाख के करीब पहुंच गई है। वहीं यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से बुधवार को 2907 श्रद्धालुओं का 27 वां जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए 1134 श्रद्धालुओं में से 774 पुरुष, 354 महिलाएं, छह बच्चे शामिल थे। पहलगाम मार्ग के लिए रवाना हुए 1773 श्रद्धालुओं में 1420 पुरुष, 244 महिलाएं, पांच बच्चे 104 साधु शामिल थे। जत्थे शाम को अपने गंतव्य तक पहुंच गए। यात्रा के पहले 25 दिनों में 4,17,509 श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। बाबा अमरनाथ की यात्रा 29 जून से शुरु हुई थी और 28 जून से जम्मू से पहला जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ था। इस बार 52 दिन की यात्रा है, जो 19 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी। अभी यात्रा में 24 दिन का समय शेष बचा है। फिलहाल मौसम मेहरबान है। अब भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू, पहलगाम व बालटाल में करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर जा रहे हैं। हालांकि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आएगी, लेकिन फिर भी इस बार यात्रा नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी। यात्रा के दोनों मार्गों पर 125 लंगर लगाए गए हैं।