
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के डिंडोरी में बुधवार को चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और शरद पवार पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि यह नकली शिवसेना (उद्धव ठाकरे), नकली राष्ट्रवादी पार्टी (शरद पवार) का कांग्रेस में विलय होना पक्का है। जब इस नकली शिवसेना का कांग्रेस में विलय हो जाएगा तब मुझे सबसे ज़्यादा याद बालासाहेब ठाकरे की आएगी। बालासाहेब ठाकरे कहते थे कि जिस दिन लगा कि शिवसेना कांग्रेस बन गई है, उस दिन शिवसेना समाप्त कर दूंगा। मतलब अब नकली शिवसेना का अता-पता नहीं रहने वाला है। पीएम मोदी ने कहा कि यह बालासाहेब को सबसे ज़्यादा दुखी करता होगा। नकली शिवसेना ने बालासाहेब के हर सपने को चूर-चूर कर दिया है। बालासाहेब ठाकरे का सपना था, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, बालासाहेब ठाकरे का सपना था, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म हो। यह सपना पूरा हुआ, लेकिन, इससे सबसे ज्यादा चिढ़ नकली शिवसेना को हो रही है। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठोकर मारी। नकली शिवसेना ने भी वही रास्ता चुना। कांग्रेस के लोग मंदिर के लिए अनाप-शनाप बातें कर रहे हैं और नकली शिवसेना एकदम चुप है। इनकी ये पार्टनरशिप, पाप की पार्टनरशिप है और पूरे महाराष्ट्र के सामने इनका पाप एक्सपोज हो चुका है, ये नकली शिवसेना वाले उस कांग्रेस को सिर पर बिठाए घूम रहे हैं, जो कांग्रेस वीर सावरकर को दिन-रात गालियां देती है। महाराष्ट्र की स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त जनता ये जब देखती और सुनती है तो महाराष्ट्र के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। लेकिन, नकली शिवसेना में अहंकार इतना आ गया है कि उनको महाराष्ट्र की भावना की भी कोई परवाह नहीं है। कांग्रेस के आगे घुटने टेकने वाली नकली शिवसेना को सजा देने का मन पूरे महाराष्ट्र ने बना लिया है। अभी तक हुए चार चरण के चुनाव में जनता ने इनको चारों खाने चित्त कर दिए हैं।

































