
बलरामपुर। पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने रविवार को झारखंड की सीमा से लगे बलरामपुर जिले के सामरी थाना अंतर्गत नक्सल प्रभावित सबाग, चुनचुना-पुंदाग,भूताही मोड़ का दौरा किया। नक्सल क्षेत्र में सेवा दे रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और जिला पुलिस बल के अधिकारी जवानों से मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की। रिमझिम फुहारों के बीच पथरीली रास्तों से होते हुए आइजी दुर्गम क्षेत्र में पहुंचे। यहां पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी जवानों से सीधा संवाद कर शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका की सराहना की।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अभी से क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग करने तथा हर गतिविधि पर नजर रखने प्रेरित किया। सरगुजा रेंज के नव पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डा लाल उमेद सिंह व पुलिस अधिकारियों के साथ पथरीले रास्तों से होकर थाना सामरी पाठ अंतर्गत झारखंड सीमा के नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम चुनचुना-पुंदाग का दौरा किया।नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सेवा दे रहे जवानों से रूबरू होकर उनकी समस्या सुनी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवनो से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के संबंध में रूप रेखा तैयार कर रणनीति बनाई।पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने सीआरपीएफ व पुलिस बल के जवानों से कहा कि आपकी लगन, मेहनत से क्षेत्र में शांति स्थापित है।आम जनता के प्रति सेवा भावना बहुत ही प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवानों पर आमजन का विश्वास कम नहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ हमें साथ मिलकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कार्य कर रहे हैं। निश्चित ही इस क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां सहित अन्य कारकों से आप सभी परिचित हैं, भुताही सीआरपीएफ कैंप का निर्माण होने से हमें निश्चित ही नक्सली गतिविधियों को जीरो टालरेंस करने में सक्षम होंगे। पिछले कुछ वर्षों में प्रतिहिंसा की गतिविधियां कम हुई है और हमने शांति स्थापित करने में सफलता पाई है। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमें अपने-अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाने और एक दूसरे की मदद करते हुए हाथ थामें रखना है।जिला पुलिस बल के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो रहा है। जिला बलरामपुर में नक्सल उन्मूलन एवं शांति सुरक्षा व्यवस्था कायम करने में जिले में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है जिससे पूरे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित है।भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डॉ. लाल उमेद सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रेश कुमार ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक नक्सल आपरेशन डीके सिंह, रक्षित निरीक्षक बलरामपुर विमलेश देवांगन सहित सीआरपीएफ एवम् जिला बल के अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।