
डभरा । नगर पंचायत डभरा के अध्यक्ष पर सरकारी जमीन पर बेजाकब्जा का आरोप लगाते हुए इसकी जांच जिला स्तरीय टीम गठित कर कराने की मांग की गई है। एसडीम डभरा को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पंचायत के विभिन्न कार्यों में अनियमितता की गई थी। जिसकी कार्रवाई के लिए पूर्व अध्यक्ष अनिल चन्द्रा नगर पंचायत इभरा के द्वारा अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया गया था। जिस पर तहसीलदार डभरा द्वारा 19 जनवरी 2023 को लिखित आश्वासन दिया गया था कि 10 दिनों के भीतर जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर वाद भूमि की जांच की जाएगी। परंतु अब तक जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय टीम गठित नहीं की गई जबकि इस मामले को एक साल हो चुका है। प्रशासन के द्वारा अब तक इस भूमि के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे नगर वासियों में आक्रोश है। जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर भूमि की जांच मिसल नक्शा के अनुसार कराए जाने की मांग नगर पंचायत डभरा के पार्षदों ने की है। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक साहू उपाध्यक्ष नगर पंचायत डभरा रवि गुप्ता किरण टंडन, रंजना रमेश बंजारे, सरिता रामअवतार शामिल हैं। उन्होंने कहा है कि 15 दिवस के अंदर जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर जांच नहीं कराई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

















