
लखनऊ, २० नवंबर । एसटीएफ द्वारा शनिवार को गिरफ्तार प्रापर्टी डीलर ब्रजेश कुमार वर्मा उर्फ टिल्लू ने नगालैंड से जिस गिरोह की मदद से दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने थे उसके तार लखनऊ से पूर्वांचल तक जुड़े हैं। गिरोह ने तमाम शस्त्र लाइसेंस फर्जी तरीके से बनवाए थे। यह एसटीएफ की तफ्तीश में पता चला है।अब एसटीएफ जल्द ही ब्रजेश कुमार वर्मा को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी। आरोपित ब्रजेश मूल रूप से हरदोई के मल्लावां का रहने वाला है। वहीं, एसटीएफ के डिप्टी एसपी ने ब्रजेश ने जिलाधिकारी कार्यालय के शस्त्र अनुभाग से असलहा बाबू से भी कुछ दस्तावेज मांगे हैं। डिप्टी एसपी के मुताबिक ब्रजेश ने पूछताछ में बताया कि उसके शस्त्र लाइसेंस जिस युवक ने बनवाए थे उसकी मौत हो चुकी है। वह नगालैंड का ही रहने वाला है। एसटीएफ अब उस युवक के बारे में ब्योरा जुटा रही है। तफ्तीश में पता चला कि एक विधायक से ब्रजेश की अच्छी बनती थी। बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आशंका है कि उन्हीं विधायक की मदद से ब्रजेश ने पास लेकर गाड़ी में लगवा लिया। एसटीएफ अभी पास बनवाए जाने से जुड़े तथ्य जुटा रही है।






























