भाजपा के राज में कैसी होगी तस्वीर
कोरबा। जिले की नगर पालिका परिषद दीपिका में राजेंद्र सिंह राजपूत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने पर्याप्त अंतर से कांग्रेस के विशाल शुक्ला को नगरी निकाय चुनाव में पराजित किया। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के पास पर्याप्त नंबर हैं। इस पद के लिए अरुणेश तिवारी सहित चार लोगों को दावेदार बताया जा रहा है। लेकिन कहा जा रहा है कि कंपनी भी अपने पार्षद को उपाध्यक्ष बनने के लिए मेहनत कर सकती है। अभी से ही कहा जाने लगा है कि अगर भाजपा संगठन समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी करता है तो आगे गंभीर संकट हो सकते हैं।
21 पार्षद वाली नगर पालिका परिषद दीपिका में इस बार हालत काफी अच्छे हैं। तमाम तरह की परिस्थितियों के बावजूद नगरी निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने अच्छा प्रदर्शन किया या फिर ऐसा कहा जा सकता है कि भाजपा की लहर ने उन्हें काफी हद तक सहयोग किया। ऐसे उम्मीदवारों में से कुछ को अपने कामकाज के आधार पर वोट हासिल हुए तो कई चेहरे केंद्र और प्रदेश सरकार की योजना की हवा बहने से अनुकूल स्थिति बनाने में सफल रहे। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रत्यक्ष निर्वाचन के बाद अब बारी है उपाध्यक्ष पद के चुनाव की। खबर के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए अनीता जायसवाल, अरुणेश तिवारी और ज्योति तिवारी के नाम की ज्यादा चर्चा है। इसके पीछे जातिगत से लेकर अनुभव को प्रमुख आधार बताया जा रहा है। क्योंकि राजनीतिक क्षेत्र में बहुत सारे काम करने के लिए योग्यता भी एक बड़ा पैरामीटर हुआ करती है। अब तक यही माना जा रहा है कि इनमें से किसी एक को उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। लेकिन इससे भी अलग लोचा इस बात को लेकर है कि पहले की तरह इस बार भी गरुड़ नगर वार्ड से आलोक परिडा निर्विरोध रूप से पार्षद चुने गए हैं क्योंकि इसके पीछे लंबे समय से एक जैसा गणित काम करता रहा है और इसलिए दूसरी संभावना यहां पर डीएक्टिव हो जाती हैं। सूत्रों का कहना है कि अगर कंपनी का जोर चलना तो उपाध्यक्ष पद पर अप्रत्याशित रूप से आलोक फाइनल हो सकते हैं। दूसरी ओर चयन प्रक्रिया से पहले ही इस बात को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। कई भाजपा पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कह रहे हैं कि सरकार हमारी है इसलिए सब कुछ काम ट्रांसपेरेंसी से होना चाहिए।
जनता के लिए हमारे लोग काम करते हैं और उन्होंने विश्वास जीता है इसलिए प्रत्यक्ष लड़ाई लडऩे के साथ जो जीत कर आए हैं इस बारे में विचार होना चाहिए अन्यथा आगे की तस्वीर कुछ और हो सकती है