
श्रीनगर, २८ दिसम्बर । पुलिस ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में नशीले पदार्थों के एक तस्कर की पांच कनाल (600 वर्ग गज) जमीन जब्त कर ली। जब्त जमीन पर सेब का बाग है। इसी दौरान दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में प्रशासन ने बड़ी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ और प्रतिबंधित दवाओं को जलाकर नष्ट कर दिया।अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई जमीन कुपवाड़ा में हंदवाड़ा के अंतर्गत एलओसी के साथ सटे अडूरा मावर में है। जिस तस्कर की यह जमीन है, वह भी अडूरा मावर का रहने वाला है और उसका नाम मोहम्मद आमिर मुख्तियार मलिक है। वह नार्को टेररिज्म माड्यूल से जुड़ा हुआ है और इस समय जेल में बंद है। उसके खिलाफ जारी जांच में पता चला है कि उसने नशीले पदार्थों की तस्करी से ही जमीन पर बाग तैयार किया है। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पुलिस ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर उसकी जमीन को जब्त कर लिया। इस बीच, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने सत्र न्यायालय अनंतनाग के निर्देशानुसार, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52 ए के तहत एक समिति की निगरानी में जब्त अवैध नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित दवाओं को जलाकर नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए नशीले पदार्थ और दवाओं को जम्मू कश्मीर पुलिस के एंटीनारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बरामद किया है। इनके संदर्भ में विभिन्न पुलिस थानों मे 65 मामले दर्ज हैं।



























