जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय, जांजगीर की ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था बदहाल हो चुकी है, जिसके चलते ई आवागमन करने वाले आम लोगों सहित वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। इस पर व्यवस्था बनाने को लेकर जिम्मेदार विभाग का महकमा ध्यान तक नही दे रहे है।
गौरतलब है कि जांजगीर शहर की ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। शहर के – कचहरी चौक, नेताजी चौक सहित अन्य जगहों पर लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल मशीन खराब हो चुके है। जिसके चलते अकलतरा, केरा, चाम्पा, बलौदा, बिलासपुर सहीत अन्य मार्गो की ओर आने जाने वाले आम लोगों के साथ वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस तरह की समस्या आए दिन बनी रहती है। इन सबके बावजूद सिग्नल व्यवस्था बनाने की ओर ध्यान तक नही दिया जा रहा है, जिसका खामियाजा वाहन चालक सहित आम लोगों को
भुगतना पड़ रहा है। खासकर शाम ढलते ही शहर के केरा रोड, नेता जी चौक, कचहरी चौक, सहीत अन्य स्थानो पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इसके अलावा शहर में लोग सामानो की खरीदी करने के लिए बड़े पैमाने पर आना जाना करते है।
इस दौरान अपने वाहन सडक़ के किनारे ही खड़ा कर देते है, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। शाम के समय ट्रैफिक व्यवस्था बनाने को लेकर पुलिस एवं यातायात विभाग से जुडे अफसरो की टीम पेट्रोलिंग करने के लिए निकलती है। वहीं इस दौरान व्यापारियो के साथ लोगों को अपने वाहन सडक़ किनारे मुख्य मार्ग पर नही रखने की समझाइश भी दी जाती है। बावजूद इसके कई लोग ट्रैफिक सिग्नल एवं यातायात नियमों की अनदेखी कर देते है।
बनायेंगे व्यवस्था
शहर में ट्रैफिक सिग्नल खराब हो जाने को लेकर यातायात प्रभारी से जानकारी मंगाई जाएगी। इसके बाद जानकारी लेकर व्यवस्था बनाई जाएगी।
-राजेन्द्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा