
नईदिल्ली, 0६ अगस्त ।
संगम विहार थाना क्षेत्र स्थित मंगल बाजार रोड पर रविवार की शाम बदमाशों ने युवक की सरेराह चाकू गोदकर हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले युवक को रोका, फिर एक के बाद एक करीब 25 वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान मंगल बाजार रोड निवासी लक्की उर्फ पवन कुमार (24) के रूप में हुई है। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। नौ वर्ष पहले लक्की ने जिस युवक की हत्या की थी, उसी के भाइयों ने बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया। दक्षिणी दिल्ली जिले के डीसीपी अंकित चौहान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चार अगस्त की शाम 4.30 बजे थाना संगम विहार में युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के-1 संगम विहार इलाके में पहुंची, जहां पीडि़त लक्की उर्फ पवन कुमार खून से लथपथ पड़ा था। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। घायल लकी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाशों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया, जब लक्की अपने घर से काम पर जाने के लिए निकला था। बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया। सरेराह लक्की पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। ज्यादा खून बह जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। वर्ष 2015 में लक्की उर्फ पवन कुमार ने संगम विहार के ही शिवम नाम के युवक की हत्या की थी। उस वक्त लक्की नाबालिग था। पुलिस ने उसे बाल सुधारगृह भेज दिया था, जहां से वह जल्द ही बाहर आ गया। शिवम के भाई तभी से बदला लेने की ताक में थे। रविवार को मौका मिलते ही शिवम को दो भाइयों ने साथियों के साथ मिलकर लक्की को मौत के घाट उतार दिया।





















