लगातार बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को किया उत्साहित, शहर व अन्य क्षेत्रों में लगाए गए बैनर-पोस्टर
कोरबा। लोकसभा चुनाव को लेकर समय सीमित बचे हैं। इससे पहले कांग्रेस देशभर में दमदारी दिखाने को लेकर लगी हुई है। पूर्वाेत्तर के मणिपुर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर न्याय यात्रा शुरू की है। आगामी 11 व 12 फरवरी को कोरबा जिले में यह यात्रा होगी। प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल को इस यात्रा के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने इस जिले में यात्रा की सफलता को लेकर खास तैयारी कर रखी है। कांग्रेस संगठन में बीते वर्षों में साडाध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव, एआईसीसी में दायित्व के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की पिछली सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी निभाने वाले जयसिंह अग्रवाल को न्याय यात्रा के सिलसिले में बड़ा दायित्व दिया गया है। संगठन को लेकर वे लगातार गंभीर रहे हैं और जमीनी स्तर पर काम करने के साथ अच्छे नतीजे देने में सफल रहे हैं। अबकी बार कांग्रेस के बड़े नेता की यात्रा को लेकर उन्होंने अपनी देखरेख में तैयारी कराई है। कोरबा नगर से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठक लेकर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया है। लोकसभा चुनाव का समय नजदीक है। इस नाते भी कार्यकर्ताओं में एकजुटता और कांग्रेस में मजबूती जरूरी है। इसे लेकर भी जयसिंह अगव्राल की ओर से विशेष जतन किये जा रहे हैं।
राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में शामिल
न्याय यात्रा को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव विजय जांगीड़ और चंदन यादव विशेष रूप से कोरबा में हुई बैठक में उपस्थित रहे। अपने सम्बोधन में चंदन यादव ने उपस्थित जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कहा गया कि राहुल गांधी की इस महत्वपूर्ण यात्रा का मुख्य उद्देश्य न्याय का हक हासिल करने के लिए नागरिकों को जागरूक करने के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों का अहम् हिस्सा है। एआईसीसी सचिव एवं कांग्रेस सहप्रभारी विजय जांगीड़ ने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी की इस ऐतिहासिक यात्रा को व्यापक पैमाने पर सफल बनाने के लिए हर कांग्रेसी को तन-मन से योगदान करना है और राष्ट्रहित के इस मिशन के सहभागी बनना हैं।
देश भर के लोग रहते हैं कोरबा में
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के संगठनात्मक प्रयासों से राहुल गांधी की न्याय यात्रा को नया आयाम देने की तैयारी है। कोरबा में एक दिन पहले संपन् न बैठक में कहा गया कि कोरबा एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है जहां बड़ी संख्या में मजदूर वर्ग निवासरत है। इस नजरिए से भी कोरबा का महत्व बहुत बढ़ जाता है और सभी कार्यकर्ताओं को अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए इसे सफल बनाना है। यह पार्टी का एक महत्वपूर्ण मिशन है, किसी व्यक्ति विशेष का नही। इसे सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इंटक कार्यकर्ता करेंगे राहुल गांधी का स्वागत
अरसे बाद कोरबा पहुंच रहे वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का स्वागत सत्कार करने को लेकर कोयला खनन क्षेत्र में काम करने वाले संगठन इंटक के कार्यकर्ता गर्मजोशी के साथ तैयारी कर रहे हैं। केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस अवसर पर होना संभावित है। इस बारे में रणनीतिक तैयारी की गई है और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सूचित किया गया है।
यात्रा से पहले हुई बैठक में काफी उपस्थिति
बैठक में पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा, पूर्व विधायक यू डी मिंज, गुलाब कमरो, मोहित केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्यामसुंदर सोनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश सहगल, उषा तिवारी, हरीश परसाई, शेख इस्तियाक, गोरेलाल यादव, संतोष राठौर, राजेन्द्र तिवारी, सुधीर जैन, दुष्यंत शर्मा, बी एन सिंह, प्रशांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सीतामणी से प्रवेश करेगी यात्रा : जयसिंह
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि कोरबा शहर में राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा सीतामणी क्षेत्र में प्रवेश करेगी और शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर उनके भव्य स्वागत की पूरी व्यवस्था रहेगी और इसके साथ ही टीपी नगर चौराहे पर उनका संबोधन होगा। यहां से इंदिरा स्टेडियम परिसर जायेंगे। तत्पश्चात पुन: टीपी नगर चौक से यात्रा सीएसईबी चौक से होते हुए दर्री-छूरी होते हुए कटघोरा के लिए आगे बढ़ेगी।