पड़ोसी देश पाकिस्तान में बढ़ रहा कांगो वायरस का कहर, क्वेटा से एक मरीज अस्पताल में भर्ती

इस्लामाबाद, २४ जून ।
पाकिस्तान में कांगो वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे है। ताजा मामला क्वेटा से आया है जहां कांगो वायरस का एक और नया मामला सामने आया है। 32 वर्षीय मरीज को फातिमा जिन्ना अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है और अब वह चिकित्सा देखभाल में है। एआरवाई न्यूज ने रविवार को सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि मरीज पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के किला सैफुल्लाह जिले के किला सैफुल्लाह शहर का निवासी है। पाकिस्तान में इस साल कांगो वायरस का यह अब तक का 13वां मामला है। एआरवाई न्यूज के अनुसार, इस साल वायरस से संक्रमित एक मरीज की जान भी चली गई।इससे पहले, पेशावर में कांगो वायरस से पीडि़त 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। कुछ लक्षण दिखने पर मरीज को 17 मई को खैबर टीचिंग अस्पताल ले जाया गया था।
सूत्रों का हवाला देते हुए, एआरवाई न्यूज ने बताया कि मरीज को तेज बुखार, शरीर में दर्द और उल्टी जैसे लक्षण महसूस हो रहे थे।मरीज के संपर्क में आए लोगों में कांगो वायरस के किसी अन्य मामले की पहचान नहीं की गई है। इसमें कहा गया है कि यह बीमारी टिक-जनित नैरोवायरस के कारण होती है। यह वायरस मवेशियों, बकरियों, भेड़ों और खरगोशों जैसे जानवरों द्वारा फैलता है और यह टिक के काटने या वध के दौरान और बाद में संक्रमित रक्त या ऊतकों के संपर्क में आने से मनुष्यों में फैलता है।

RO No. 13467/11