
नोएडा। नौंवी कक्षा के छात्र ने पढ़ाई से बचने के लिए मंगलवार रात नोएडा सेक्टर -126 स्थित ज्ञानश्री, मयूर पब्लिक स्कूल, द हेरिटेज व स्टेप बाय स्टेप स्कूल को ई-मेल भेजकर बच्चों को क्रूरता से मारने व बम से उड़ाने की धमकी दे दी। अगली सुबह 8.30 बजे स्कूल प्रबंधकों के ई-मेल चेक करते ही होश उड़ गए। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी स्कूलों की तरफ दौड़ पड़े। छात्र-छात्राओं को बाहर निकालकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ जांच की। वहीं, अभिभावक भी स्कूलों पहुंच गए। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान एक छात्र के रूप में कर देर रात मामले का खुलासा कर दिया। डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि चारों स्कूल को ई-मेल मंगलवार रात 12 बजे आई थी। सुबह साढ़े आठ बजे प्रबंधन ने सिस्टम पर ई-मेल चेक की तो तुरंत प्रिंसिपल और अन्य पदाधिकारियों को मामले की सूचना दी गई।
इस बीच चारों स्कूल में पढ़ाई शुरू हो चुकी थी। प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर ई-मेल चेक कराई। चारों स्कूल की ई-मेल में लिखा था कि सभी बच्चों को मारकर बदला लूंगा। स्कूलों की तरफ से बम की सूचना पर एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला, एसीपी प्रवीण कुमार और थाना प्रभारी ने बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ जांच शुरू कर दी।



























