
जशपुरनगर, , १८ फरवरी । छत्तीसगढ़ में जशपुरनगर जिले के एक गांव में रात में अकेली घर लौट रही महिला से दो युवकों ने दुष्कर्म किया। महिला का पति शौच के लिए तालाब की ओर गया था। रास्ते में जब उसने इस घिनौने कृत्य को देखा तो उसने पत्नी को बचाने के लिए पास पड़ी लकड़ी को उठाकर एक आरोपित पर हमला कर दिया। हमले के दूसरे दिन घायल आरोपित की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दु्ष्कर्म के दूसरे आरोपित सहित हत्या के अपराध में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि वारदात 15 फरवरी की है। पीडि़त महिला शाम तक घर नहीं पहुंची थी, तब उसका पति उसे खोजते हुए आ रहा था। रास्ते में पत्नी के मिलने पर दोनों साथ ही घर लौट रहे थे, तभी पति शौच के लिए पास के तालाब की ओर चला गया। उसने पत्नी को अकेले घर जाने को कहा। पत्नी जब घर जा रही थी तब उसी के गांव के दो आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। थोड़ी देर में पति जब घर लौट रहा था तब उसने इस कृत्य को देखा। पत्नी को बचाने के लिए उसने एक आरोपित पर हमला कर दिया। पिटाई से घायल आरोपित की दूसरे दिन 16 फरवरी को मौत हो गई।





















