
डभरा । अस्पताल में छह माह के बच्चे का उपचार कराने पहुंचे पति-पत्नी का आपसी विवाद इतना बढ़ा कि पिता ने अपने बच्चे को उठाकर पटक दिया। गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान मासूस की मौत हो गई।यह दिल दहला देने वाली वारदात डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम खोंधर की है। जानकारी के अनुसार शनिवार को खोंधर निवासी रोहित सिदार (27) और उसकी पत्नी मंजू सिदार (22) अपने छह माह के बेटे का उपचार कराने डभरा में डा. मिश्रा अस्पताल पहुंचे।उसका वहां उपचार चल रहा था इसी बीच किसी बात को लेकर पति -पत्नी में बहस हो गई। आक्रोशित रोहित सिदार ने आवेश में आकर अपने मासूस बच्चे को ही फर्श पर ही पटक दिया। इससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई और डाक्टर ने उसे उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। रायगढ़ में उपचार के दौरान मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से डभरा के अस्पताल में उपस्थित मरीज और उनके स्वजन दहल गए । घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा आरोपित पिता रोहित सिदार सेपूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार रोहित सिदार शराब का आदी है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


























