वार्ड 23 की सडक़ को ठीक करने श्रमदान
कोरबा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 23 के मुख्य मार्ग की दुर्दशा के कारण लोग परेशान हैं। काफी समय से इसकी स्थिति दोयम दर्जे की है। किसी प्रकार का सुधार नहीं होने पर लोग संसाधन के साथ सडक़ पर उतरे और श्रमदान कर इसे ठीक करने की कोशिश की।
आरएसएस नगर वार्ड की मुख्य सडक़ काफी समय से बदहाल है। कई महीने से इस तरह से निगम का ध्यान आकर्षित कराया गया और सडक़ को ठीक कराने की मांग की गई। समय गुजरने के साथ समस्या का और विस्तार हो गया। बाकी कसर बारिश के मौसम ने पूरी कर दी। सडक़ पर मौजूद गड्ढों का आकार एक तरफ बढ़ा और बारिश के पानी के संपर्क में आने के साथ इसका दायरा और बढ़ गया। जिसके बाद नगर निगम ने मार्ग नवीनीकरण कराने की सोची लेकिन बीच में ही काम को छोडऩा पड़ गया। एक बार फिर से यहां पर समस्याएं पैदा हो गई जिससे लोगों के सामने मुश्किलें पेश आ रही है। आज काफी संख्या में लोगों ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामूहिक श्रमदान करते हुए गड्ढों का पाटने का काम किया। उन्हें लगता है कि ऐसा करने से सडक़ की समस्या कुछ हद तक दूर हो सकेगी।