
पांकी। थाना क्षेत्र के करार गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पांकी पुलिस घटनास्थल पहुंची। इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। इसमें एसआइ मोहम्मद सलीम, एसआइ प्रमोद कुमार राय, वाहन चालक सहित दो जवान घायल हो गए। पुलिस वाहन को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।घायल एसआइ मोहम्मद सलीम ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट की सूचना थाने को मिली थी। सूचना के आलोक में करार गांव पहुंचे तो पाया कि वहां पर गोपाल भुइयां एवं मनोज पासवान पक्ष के बीच मारपीट हो रही है।बीच बचाव करने के दौरान मनोज पासवान व उसके स्वजनों ने पुलिस के जवानों पर ही हमला कर दिया। इसमें हमलोगों को चोट आई है। वहीं मनोज पासवान ने गोपाल भुइयां को टांगी व कोड़ी से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया है। सभी घायलों को पांकी सीएसची में भर्ती कराया गया है।























