
कोरबा । कुआँ भट्टा क्षेत्र में स्थित विवेकानंद सेवा सदन मातृछाया के एक शिशु को अपना घर मिला। दत्तक ग्रहण कार्यक्रम कर नि:संतान दंपति ने विधिक प्रक्रिया पुरी कर उसे गोद लिया। खुशी के इस क्षण में वहां मौजूद हर किसी ने अब तक बेसहारा रहे शिशु को माता-पिता व परिवार का आश्रय मिलने पर संतोष जाहिर किया और शिशु के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखी जीवन के लिये कामना की गई।
सेवा भारती, कोरबा द्वारा संचालित मातृछाया (विशेषीकृत दत्तक ग्रहण) में कुआँ भट्टा क्षेत्र स्थित विवेकानंद सेवा सदन परिसर में एक शिशु दत्तक ग्रहण अधिनियम के तहत पश्चिम बंगाल राज्य के दंपति को गोद दिया गया। कार्यक्रम में दंपति की विधिवत गोदभराई की रस्म कर शिशु प्रदान किया गया। मातृछाया में सामाजिक एवं अन्य कारणों से त्यागे गए नवजात शिशुओं का पालन-पोषण किया जाता है। इस दत्तक ग्रहण कार्यक्रम में बतौर अतिथि समाज सेवी रमेश पाठक, अनुराग जी एच आर एस.बी.आई बैंक रिजनल ऑफिस कोरबा, बालकल्याण के अधिकारी दीपमाला, संस्था के सचिव सुनील जैन उपस्थित रहे।
सुनील जैन द्वारा सेवा भारती कोरबा द्वारा संचालित सेवा कार्यों की जानकारी दी गई। रमेश पाठक ने अपने उद्बोधन में दंपत्ति को बधाई व बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए संस्था के सेवा कार्यों को सराहा।




















