
कोरबा। जिले के कोरबा वनमंडल अंतर्गत पसरखेत वन परिक्षेत्र इन दिनों प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारियों का ट्रेनिंग सेंटर बना हुआ है। यहां ट्रेनी बतौर आए आईएफएस अधिकारियों की लगातार पदस्थापना हो रही है जिससे विभागीय कामकाज रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। ट्रेनी अधिकारी यहां आते हैं और ट्रेनिंग लेने के बाद चले जाते हैं। अधिकारियों की रूचि विभागीय कामकाज में नहीं रहती। उनका ध्यान केवल 6 माह के प्रशिक्षण अवधि को पूरा करने पर ही रहता है। अघोषित ट्रेनिंग सेंटर बने पसरखेत रेंज में एक बार फिर प्रशिक्षु आईएफएस चंद्रकुमार अग्रवाल की पदस्थापना हुई है जिन्होंने शुक्रवार को यहां पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले प्रशिक्षु आईएफएस हिमांशु डोंगरे की यहां पदस्थापना हुई थी जिन्होंने अपने प्रशिक्षण की अवधि पूरी करने के बाद धमतरी में एसडीओ के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी के अन्यत्र जाने पर रेंजर तोषी वर्मा ने पुन: यहां प्रभार संभाला। तीन महीने बाद पसरखेत रेंज में नए प्रशिक्षु अधिकारी की पदस्थापना व उनके द्वारा कार्यभार संभाल लिये जाने के बाद वह फिर अतिरिक्त रेंजर के रूप में रिजर्व हो गई है।























