
नईदिल्ली, २९ सितम्बर।
दो सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सदस्य बनाकर भाजपा के शुरू हुए सदस्यता अभियान के पहले चरण में 25 सितंबर तक छह करोड़ सदस्य बने हैं। इनमें से चार करोड़ सदस्य चार राज्यों उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और असम में बने हैं। वहीं राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और बिहार जैसे राज्य में सदस्यता अभियान गति नहीं पकड़ पाई है ।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार पहले चरण की सदस्यता अभियान की समीक्षा की जा रही है और उसकी कमियों को दूर करते हुए एक अक्टूबर से दूसरा चरण शुरू किया जाएगा, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्य बनाने का काम चलेगा।वैसे पहले चरण के सदस्यता अभियान में अपेक्षा से कम माना जा रहा है, लेकिन अच्छी बात यह है कि 80 फीसद सदस्यता फार्म में अपनी पूरी जानकारी देकर सदस्य बने हैं। 2019 में मिस्ड कॉल से सहारे सदस्य बनाने में कई गड़बडिय़ों की शिकायत के बाद इस बार सदस्यों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया है। भाजपा के महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर सदस्यता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों के संगठन को बधाई दी। उनके अनुसार सदस्यता अभियान में दिए लक्ष्य को हासिल करने में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों में असम (85 फीसद), हिमाचल प्रदेश (75 फीसद), मध्यप्रदेश (70 फीसद), उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड व अरुणाचल प्रदेश (65 फीसद) और त्रिपुरा (60 फीसद) शामिल है। संख्या के हिसाब से देंखे तो उत्तरप्रदेश में 1.5 करोड़, मध्यप्रदेश व गुजरात एक-एक करोड़ और असम में 50 लाख सदस्य बने हैं।