
मद बठिंडा, २७ नवंबर । बठिंडा काउंटर इंटेलिजेंस विंग की टीम ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ नियंत्रित आतंकवादी माड्यूल से जुड़े चौथे आरोपित को दिल्ली से दो पिस्तौल समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपित का नाम जसमीत है।इंटेलिजेंस ने जसमीत को बठिंडा लाकर अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। सूत्रों के अनुसार पिस्तौल एक बैग में रखकर जसमीत को दिए गए थे। जसमीत से पहले पकडे गए तीनों आरोपित पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर को काउंटर इंटेलिजेंस की टीम को सूचना मिली थी कि राजभूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा निवासी गांव डिख, रमन कुमार उर्फ रमनी निवासी गांव गुरुहरसहाय, फिरोजपुर और जगजीत सिंह उर्फ टैणा निवासी गांव ढिलवां, फरीदकोट एक चोरी की आल्टो में गोबिंदपुरा होते हुए बठिंडा की तरफ आ रहे हैं। इस पर टीम ने गांव गोबिंदरपुरा नहर की पटरी के पास नाकाबंदी की। इस दौरान दूसरी तरफ से आ रही सफेद रंग की आल्टो कार को रोककर चेकिंग की गई तो कार सवार उक्त तीनों आरोपियों से .30 बोर तीन पिस्तौल व .32 बोर पांच पिस्तौल, नौ मैगजीन और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए थे।पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो आरोपितों ने खुलासा किया कि संगरूर जेल में बंद गैंगस्टर कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा खानपुरिया, हरचरण सिंह दिल्ली और सुलतान सिंह अमृतसर के संपर्क में थे। राज्य में टारगेट किलिंग को अंजाम देकर समाज में दहशत पैदा करने के लिए मध्य प्रदेश से हथियार लाए थे। सूत्रों के अनुसार काउंटर इंटेलिजेंस की टीम पता लगाने में जुटी हुई है कि कुल कितने हथियार आरोपितों तक किसके जरिये पहुंचे थे। वहीं, संगरूर जेल में यूएपीए के तहत बंद कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा खानपुरिया, हरचरण सिंह दिल्ली और सुलतान सिंह अमृतसर को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी।






























