पाकिस्तान में 22 हजार से अधिक नौकरशाहों के पास दोहरी नागरिकता, पाक संसद ने कहा- इसे जल्द रोका जाए

इस्लामाबाद । पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की एक समिति ने बताया है कि देश में 22,000 से ज्यादा नौकरशाहों के पास दोहरी नागरिकता है। नौकरशाहों की दोहरी नागरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता बढ़ा दी है। राजा खुर्रम नवाज की अध्यक्षता में सोमवार को गृह मामलों पर नेशनल असेंबली की स्थायी समिति की बैठक में सदस्यों ने इस परिपाटी पर चिंता व्यक्त की और इस पर रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाने का आह्वान किया। सदस्यों ने कहा कि खास तौर से नौकरशाहों, न्यायाधीशों और संसद सदस्यों के लिए इसे रोका जाना चाहिए।यह बैठक जिन देशों के साथ पाकिस्तान का दोहरी नागरिका का समझौता है, उनके नागरिकों को पाकिस्तानी पासपोर्ट दिए जाने संबंधी प्रस्तावित कानून पर विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई थी। इसी बैठक में उजागर हुआ कि देश के 22,000 नौकरशाहों के पास दोहरी नागरिकता है।समिति के सदस्य अब्दुल कादिर पटेल ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि नेशनल असेंबली और न्यायाधीशों के लिए दोहरी नागरिकता रखने पर प्रतिबंध तो है, लेकिन नौकरशाह इसके दायरे में नहीं है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए विधेयक का प्रस्ताव किया जिसमें दोहरी नागरिकता रखने वाले व्यक्तियों को नौकरशाह के रूप में नियुक्त नहीं करने का प्रविधान किया जाए।

RO No. 13467/11