
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बीते 12 घंटे से मूसलाधार बारिश के चलते नदी नाले ऊफान पर हैं. जिले के वाड्रफनगर विकास खंड से पनसारा चलगली मार्ग पर पुल और सडक़ बहने से कई गांव से संपर्क टूट गया है. इसके चलते आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है. वहीं लगातार बारिश की चलते लोगों का जनजीवन भी काफी प्रभावित हो रहा है. बता दें, यह सडक़ प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनाई गई थी. लेकिन भारी बारिश के चलते सडक़ बह गई और स्थानीय लोगों को आवाजाही अवरुद्ध होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से सरकार से सडक़ बनने तक आवाजाही के लिए अस्थाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित ना होना पड़े।




























