कोरबा। एक स्कूली छात्रा ने 80 फीट ऊंची पानी टंकी से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना में उसे सिर और अन्य हिस्सों में चोटें आई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका उपचार जारी है।
हरदीबाजार क्षेत्र में यह घटना हुई। खबर के अनुसार शुक्रवार की शाम यह घटना हुई। बताया गया कि स्थानीय एक विद्यालय में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्रा ने यह कदम उठाया। वह यूनिफार्म पहनकर अपने घर से निकली थी। पूरी छुट्टी के बाद उसे नियत समय तक घर आ जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके बाद परिजनों को चिंता हुई। इस दौरान इलाके के लोगों ने क्षेत्र के आउटर पर स्थित पानी टंकी के नीचे किशोरी को लहूलुहान स्थिति में पाया। जल्द ही उसकी पहचान कर ली गई और परिजनों व पुलिस को अवगत कराया गया। गांव की पानी टंकी के नीचे मिली छात्रा की चप्पल भी मिली। सिर और अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच जरूरी जानकारी हासिल की।
मामला चूंकि किशोरी से जुड़ा हुआ था इसलिए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई जिस पर दर्री सीएसपी ने भी संज्ञान लिया। हरदीबाजार थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय ने बताया कि पानी टंकी की ऊंचाई 80 फीट है और इसके नीचे छात्रा घायल स्थिति में मिली। प्राथमिक रूप से माना जा रहा है कि उसने ऊंचाई से छलांग लगाई। इस वजह से उसे चोटें आई। हमने सूचना के तुरंत बाद ध्यान दिया और अगली कार्यवाही की। फिलहाल उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। मामले में इसके अलावा और कोई तथ्य नहीं है। लेकिन घटना क्यों हुई इस बारे में जांच जल्द की जाएगी।
परेशानी हो तो यहां करें शिकायत, होगा समाधान
इधर जिले में महिला वर्ग से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी को हल करने के लिए जिला पुलिस ने अपनी ओर से नया सिस्टम लांच किया है। वाट्सएप मैत्री हेल्पलाइन नंबर 9479282100 जारी किया। 96 घंटे के भीतर इसमें महिलाओं से संबंधित समस्या का निराकरण किया जाना है। पुलिस ने कहा है कि जिले में किसी भी तरह की परेशानी होने पर किशोरियों, युवतियों और महिलाओं को थाना-चौकी आने की जरूरत नहीं, वे इस नंबर पर अपना विषय भेज सकती हैं।