
जांजगीर चांपा। जिले को पांचों जनपद पंचायत में भाजपा का विजय परचम लहराया है। तीसरे और अंतिम चरण में जिले के पामगढ़ व बलौदा ब्लाक में भाजपा समर्थित सदस्य अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बने है। खास बात यह है कि पामगढ़ में दोनों पदों पर भाजपा ने निर्विरोध कब्जा किया है तो बलौदा में अध्यक्ष के लिए कांटे की टक्कर में भाजपा प्रत्याशी ने अपनी जीत दर्ज की है। इसके अलावा उपाध्यक्ष यहां भी निर्विरोध बने है।
शुक्रवार 7 मार्च को जिले के पामगढ़ व बलौदा जनपद पंचायत में अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव को कर सुबह से लेकर गहमागहमी का का लेकर माहौल रहा। निधारित समय पर पीठासीन अधिकारी द्वारा अध्यक्ष
उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई। इस दौरान जनपद पंचायत पामगढ़ में भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती रंजना मानेश जांगड़े ने अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा किया और उपाध्यक्ष के लिए भाजपा समर्थित रूपचंद साहू ने नामांकन जमा किया। इस दौरान विपक्षी पार्टियों की तरफ से कोई भी उम्मीदवार सामने नहीं आए। दोनों पदों के लिए एक एक आवेदन प्राप्त हुए। जो सवीक्षा में विधिमान्य पाए गए। इस दौरान अध्यक्ष के लिए रंजना जांगड़े और रूपचंद साहू को उपाध्यक्ष का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इसी प्रकार जनपद पंचायत बलौदा में अध्यक्ष के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी शारदा सनत देवांगन और कांग्रेस की ओर से शारदा गौतम राठौर ने नामांकन फार्म जमा किया। जबकि उपाध्यक्ष के लिए भाजपा समर्थित शिशुपाल सिंह ठाकुर का एकमात्र आवेदन जमा हुआ। इस दौरान अध्यक्ष के लिए मतदान कराया गया। जिसमें शारदा देवांगन को 12 वोट मिले और शारदा राठौर को 11 मत मिले। इस दौरान शारदा देवांगन को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र घोषित किया और शिशुपाल को निर्विरोध निर्वाचन करते हुए प्रमाण पत्र दिया गया। इधर पामगढ़ और बलौदा दोनों जनपद पंचायत में भाजपा के अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनने के बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। संगठन के पदाधिकारियों के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान रंग गुलाल के साथ जमकर आतिशबाजी भी हुई।


























