
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ में आम आदमी पार्टी से निष्कासित किए गए चार पदाधिकारियों ने पार्टी के एमसीबी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव सहित महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिक विकास संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने अपने ही नेताओं को कहा कि 50 हजार से एक लाख तक की अवैध वसूली करते हैं। इस राशि को पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने लिए खर्च किया जाता है।अशोक सोनी ने कहा कि पार्टी के जिलाध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, सचिव विकास पांडेय व महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह के द्वारा रेत माफिया, कृषि, वन और खनिज विभाग से अवैध वसूली की जाती है। इस राशि को पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने लिए खर्च किया जा रहा है।सोनी ने बताया कि पार्टी के पदाधिकारियों, सदस्यों ने कोटाडोल और हरचौका में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन पर अंकुश लगाने एक माह तक धरना दिया गया था, लेकिन बिना किसी परिणाम के आंदोलन समाप्त कर दिया गया। इन क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन बेधडक़ जारी है।अशोक सोनी ने कहा कि पार्टी के कार्यक्रम में इन वरिष्ठ पदाधिकारियों का कोई योगदान नहीं रहता है। पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा अपनी जेब से खर्च कर कार्यक्रम किए जाते हैं। जिला सचिव विकास पांडेय के द्वारा हम लोगों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का पत्र भी दिया गया, जबकि प्रदेश से कोई भी इस तरह की जानकारी नहीं दी गई है। पार्टी से निष्कासित किए गए पदाधिकारी लल्ला बैगा, अरूणा पनिका, अशोक सोनी और राकेश सोनी ने बताया कि उनके द्वारा अपना पक्ष पार्टी के प्रदेश कार्यालय को भी भेजा गया है, लेकिन आज तक प्रदेश कार्यालय से कोई भी लिखित जानकारी नहीं आई है। पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राकेश सोनी ने कहा कि पार्टी के लिए मिलने वाली सहयोग राशि को लेकर जब हमने इनके खिलाफ बोलना शुरू किया तो हमें निष्कासित कर दिया गया। प्रेसवार्ता में पार्टी में भ्रष्टाचार करने वाले नेताओं को पार्टी से भारमुक्त करने की मांग की गई, जिससे पार्टी की छवि बनी रहे।