
0 मां दो वर्ष पहले स्वर्ग सिधार चुकी 0 दो दिन से गया था मेहमानी में
कोरबा। कोयलांचल के सीएमपीडीआई कालोनी में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब क्वाटर नंबर बी-37 में पड़ोसियों ने मेहमानी में आए एक 16 वर्षीय किशोर को पाइप के म्यार में रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर उसमें झूलते देखा। यह खबर जंगल में लगी आग की तरह चारों ओर फैल गई। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव को फंदे से उतरवाकर भिलाईबाजार पीएचसी चीरघर भिजवा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार एसईसीएल कालोनी विजय पुनिया उम्र 42 वर्ष की पत्नी की दो वर्ष पूर्व आकस्मिक मृत्यु हो चुकी थी। जिसके बाद वह अपने इकलौते पुत्र रोहित कुमार पुनिया उम्र 16 को साथ लेकर सीएमपीडीआई कालोनी के अपने क्वाटर में रहने लगा था। इसी दौरान कुछ माह से विजय पुनिया की भी स्वास्थ्य खराब रहने लगा। जिसका वह एसईसीएल के गेवरा अस्पताल एवं राजधानी रायपुर के अस्पतालों में भी उपचार कराया। मगर कोई सुधार नहीं होने से हरियाणा प्रांत में स्थित एक नामी-गिरामी अस्पताल में उपचार कराने के लिए दो दिन पूर्व गया है। उस दिन उसने अपने पुत्र को अपनी बहन के आवास क्रमांक बी-37 में रहने के लिए भेज दिया था। वहां उसका पुत्र रहने लगा था। बतााया जाता है कि आज सुबह एसईसीएल कुसमुंडा की सीएमपीडीआई कालोनी के क्वाटर नंबर बी-36 निवासी चंचल पांजा उम्र 39 पिता धरमदास पांजा ने देखा कि उसके पड़ोसी के क्वाटर नंबर बी-37 में दो दिनों से मेहमानी में आया रोहित कुमार पुनिया उम्र 16 पाइप के म्यार में रस्सी से फांसी का फंदा बनाकर लटक रहा है। उसने इस घटना की जानकारी उक्त लडक़े के रिश्तेदारों को दी तथा तत्काल कुसमुंडा थाना पहुंचकर पुलिस को इस घटनाक्रम से अवगत कराया। कुसमुंडा टीआई कृष्ण कुमार वर्मा के निर्देशन में घटना स्थल पहुंचे थाने के एएसआई रफीक खान ने मामले में मर्ग क्रमांक 63/23 एवं सीआरपीसी की धारा 174 दर्ज कर मृतक के शव को पंचनामा कार्यवाही के उपरांत फंदे से उतरवाकर उसे पीएम के लिए भिलाईबाजार पीएचसी के चीरघर भिजवा दिया।




























