
कोरबा। वन मंडल कटघोरा के पसान रेंज अंतर्गत जलके सर्किल के पिपरिया गांव में उत्पात मचाने के बाद दो उत्पाती हाथी कोरिया जिले के बार्डर में पहुंच गए हैं, जबकि 48 हाथियों का दल अभी भी केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में घूम रहा है। यहां के बड़काबहरा क्षेत्र में सक्रिय हाथियों ने बीती रात पुन: उत्पात मचाते हुए कई किसानों के फसल को रौंद दिया। हाथियों द्वारा फसल रौंदे जाने की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं। एक अनुमान के मुताबिक हाथियों के ताजा उत्पात में किसानों को हजारों रूपए की चपत लगी है। इस बीच दल से अलग हुआ लोनर हाथी फिर झुंड में शामिल हो गया है। लोनर हाथी को दल के साथ आज विचरण करते हुए देखा गया। वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हाथियों की निगरानी में लगातार लगे हुए है। हाथियों की निगरानी में अधिकांश अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगने के कारण विभाग का काम ठप सा हो गया है। कोरबा वनमंडल में भी एक लोनर जिल्गा जंगल में घूम रहा है।























