
नईदिल्ली, 26 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारत टेक्स-2024 का उद्घाटन किया। यह देश में आयोजित होने वाले अब तक के सबसे बड़े वैश्विक कपड़ा कार्यक्रमों में से एक है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और दर्शना जरदोश भी शामिल हुई। भारत टेक्स-2024 का आयोजन 26 फरवरी से 29 फरवरी 2024 तक किया जाएगा। प्रधानमंत्री के 5स्न विजन से प्रेरणा लेते हुए, इस कार्यक्रम में फाइबर, फैब्रिक और फैशन के जरिए खेत से लेकर विदेश पर एकीकृत रूप से ध्यान केन्द्रित किया गया है। जो संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला को कवर करता है। उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का कार्यक्रम अपने आप में बहुत खास है, खासकर इसलिए क्योंकि यह भारत के दो सबसे बड़े प्रदर्शनी केंद्रों, भारत मंडपम और यशोभूमि में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, आज, 100 से अधिक देशों के 3000 से अधिक प्रदर्शक, 3 हजार खरीदार और 40,000 व्यापार आगंतुक इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए एक साथ आए हैं। यह कार्यक्रम सदस्यों के लिए कपड़ा पारिस्थितिकी तंत्र से मिलने और अपने विचार साझा करने के लिए एक मंच बन गया है। भारत मंडपम में भारत टेक्स 2024 के उद्घाटन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 26 जुलाई 2023 को पीएम मोदी द्वारा इस भारत मंडपम का उद्घाटन किए हुए केवल 7 महीने हुए हैं और केवल सात महीनों में, यह जगह और यशोभूमि छोटी पडऩे लगी है। अब, हमें दोनों स्थानों पर चरण 2 को जल्द से जल्द शुरू करने की आवश्यकता है, जिसका उद्घाटन आप (पीएम मोदी) अपने तीसरे कार्यकाल में कर सकते हैं।

























