
उज्जैन, 28 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 फरवरी को उज्जैन के जीवाजी वेधशाला परिसर में स्थापित विश्व की पहली वैदिक घड़ी का लोकार्पण वर्चुअल रूप से करेंगे। वे यहां 6265 करोड़ के अन्य 689 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्य कार्यक्रम भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर होगा, जिसका लाइव प्रसारण सभी जिला और नगरीय निकाय मुख्यालय पर होगा। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव उपस्थित रहेंगे। सबसे खास बात ये है कि प्रस्तावित लोकार्पण एवं भूमिपूजन की सूची में पहली बार एक लाख रुपये तक के सड़क, नाली, शेड निर्माण जैसे अनेक कार्यों को भी शामिल किया गया है। उज्जैन-दक्षिण विधानसभा क्षेत्र, प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का विधानसभा क्षेत्र है। यहां 127 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और तीन निर्माण कार्यों (वैदिक घड़ी, संजीवनी क्लिनिक, होम्योपैथी औषधालय भवन) का लोकार्पण प्रस्तावित है। यहीं से विक्रम नगर रेलवे स्टेशन के समीप उज्जैन विकास प्राधिकरण की आकार लेने वाली टीडीएस-3 और टीडीएस-4 आवासीय योजना का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

























