पुडुचेरी के इस जिले में 31 बूथ पर महिलाएं ही कराएंगी मतदान

पुडुचेरी। महिला भागीदारी और सशक्तीकरण बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध चुनाव आयोग इस लोकसभा चुनाव में पुडुचेरी में एक नया कीर्तिमान बनाने जा रहा है। दरअसल, आयोग ने केंद्रशासित प्रदेश के माहे जिले के सभी 31 मतदान केंद्रों पर इस बार केवल महिला मतदान अधिकारी ही तैनात की हैं। माहे जिले में 19 अप्रैल को मतदाना होना है। यहां मतदाता पंजीकरण से लेकर मतदान तक सारी जिम्मेदारी महिलाएं ही संभाल रही हैं। चुनाव प्रबंधन में महिलाओं की भागीदारी पर यह अपनी तरह का पहला प्रयोग होगा। इसके लिए कुल 140 महिला मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। माहे पुडुचेरी के चार जिलों में से एक है, कुल मतदाता 31,038 है। जिले में प्रति एक हजार पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 1161 है। देशभर के केंद्र शासित प्रदेशों में पुडुचेरी को ही सबसे अधिक लिंग-समावेशी इलाके का दर्जा हासिल है। चुनाव आयोग ने इस तरह का पहला प्रयोग बीते साल छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में किया था।

RO No. 13467/9