पुराने तहसील कार्यालय को गोदाम बनाया, पटाखा जब्त

दीपका के कारोबारियों ने किया था लाखों का भंडारण
कोरबा। कोयलांचल दीपका में दीपावली सीजन से ठीक पहले लाखों का पटाखा जब्त हुआ है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह पर इसका भंडारण किया गया था वह सरकारी भवन है। पुलिस ने मामले में फिलहाल लिखा-पढ़ी जारी रहने की बात कही है।
दावा किया जा रहा है कि पिकअप में आ सकने वाली मात्रा इस सरकारी भवन से जब्त की गई। दीपका में एक वस्त्रालय और अन्य संस्थान का संचालन करने वाले कारोबारियों के द्वारा दीपावली को ध्यान में रखते हुए बड़ी मात्रा में पटाखा सामाग्री का भंडारण किया गया था। आगामी दिनों में इसे यहां से निकालना था। इस बीच पुलिस को भनक लगी और उसने दबिश दी। अनेक काटून और दूसरे हिस्सों में रखे गए पटाखों को बाहर निकालने के साथ पिकअप से आरक्षी केंद्र भिजवाया गया। जितनी मात्रा में पटाखा यहां से जब्त हुआ है उस हिसाब से आंकलन किया जा रहा है कि यह लाखों का हो सकता है। इलाके में अब तक कि यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कहा जा रहा है कि पुराने तहसील कार्यालय को गोडाउन बनाने के लिए एक कांग्रेस नेत्री का सहयोग लिया गया था और भंडारण जैसी प्रक्रिया पूरी की गई थी। बुधवार को जानकारी मिलने पर पुलिस ने एक टीम भेजी और मौके से ज्वलनशील सामाग्री को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के अगले दिवस पूर्वान्ह तक पुलिस ने इस बारे में तथ्यों को लेकर यही कहा कि लिखा-पढ़ी चल रही है और पूरी होने के बाद जानकारी दी जा सकेगी।

RO No. 13467/11