मुंबई। सलमान खान के घर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने छठे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य है। आरोपी की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद निवासी हरपाल सिंह (34) के रूप में हुई है, जिसे मुंबई अपराध शाखा की एक टीम ने सोमवार शाम उसके गृहनगर से गिरफ्तार कर लिया। हरपाल सिंह को मंगलवार सुबह मुंबई लाया गया और बाद में दिन में अदालत में पेश किया जाएगा। गोलीबारी की घटना के सिलसिले में यह छठी गिरफ्तारी है। उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के आवास के बाहर दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोलीबारी की और मौके से भाग गए।