कोरबा। रायपुर जा रही एक निजी टे्रवलिंग कंपनी की यात्री बस आज सुबह अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 3 यात्रियों को गंभीर चोट आने पर मेडिकल कालेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि 24 यात्रियों को सामान्य चोट आने पर प्राथमिक चिकित्सा के साथ छूट्टी दे दी गई। घटना को लेकर माना जा रहा है कि रात्रि में चालक को झपकी आने के चक्कर में यह सब हुआ।
आज सुबह 3.30 बजे यह हादसा जिला मुख्यालय कोरबा से 24 किमी दूर कनकी-बलौदा मार्ग पर हुआ। अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर राधेकृष्ण टे्रवल्स की बस संख्या सीजी-14-1154 रायपुर जा रही थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। सब हाईवे पर आवाजाही के दौरान यात्री बस कोरबा जिले की सीमा से पार हुई। जांजगीर-चांपा जिले की सीमा में प्रवेश करने के कुछ दूर आगे पंतोरा पहुंचकर वह बेकाबू होकर सडक़ किनारे लगे सेफ्टी वाल से जा भिड़ी। पंतोरा पुलिस चौकी के नजदीक एक स्थान पर यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बस के बीच का हिस्सा वाल में जा घुसा। इससे तकनीकी समस्या पेश आई और बस मौके पर बंद हो गयी। हादसे के दौरान बस के अपर स्लिपर पर सो रहे 3 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जबकि 24 यात्रियों को सामान्य या इससे अधिक चोटे आई। हादसे से यहां चीख-पुकार की स्थिति मच गई। चौकी इंचार्ज महेश्वर सिंह कंवर और स्टाफ ने फौरीतौर पर कोशिश करते हुए मेडिकल मोबाईल युनिट को यहां बुलवाया। बताया गया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मेडिकल कालेज भेज दिया गया। जबकि सामान्य पीडि़तों को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद छुट्टी दे दी गई।