
चंडीगढ़/गुरदासपुर। पंजाब में पुलिस थानों पर ग्रेनेड व आइईडी फेंकने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने रविवार को राज्य के सभी थानों को रात 10 बजे के बाद अपने गेट बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, थानों व चौकियों में स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (एसएसजी) के जवान तैनात किए जा रहे हैं। थानों की दीवारें ऊंची की जा रही हैं तथा थानों के बाहर व आसपास सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।गत 20 दिनों में आतंकी-गैंग्सटर नेक्सस अपने गुर्गों से पंजाब में पांच थानों पर ग्रेनेड व आइईडी फेंकवा चुका है जिनमें से तीन थानों में धमाका हो चुका है।जिला पुलिस मुख्यालयों को सुरक्षा के प्रबंध और कड़े करने के साथ हर आने-जाने वाले पर निगाह रखने व किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति रात दस बजे के बाद थाने आता है तो कड़ाई से पूछताछ करने के बाद ही उसे अंदर आने दिया जाए।जिला गुरदासपुर के घनिए के बांगर थाने पर शुक्रवार रात हुए ग्रेनेड हमले के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के कई थानों की दीवारें पांच फीट तक ऊंची की जा रही हैं। दीवारें ऊंची करने के बाद उनके ऊपर तीन फीट तक कंटीली तार लगाने की भी योजना है। पहले यहां थानों की बाहरी दीवारें दस फीट तक ऊंची थीं, जिन्हें अब ऊंचा करवाकर 15 फीट किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में रात के समय दो से तीन पीसीआर (पुलिस कंट्रोल रूम) कर्मचारी हर थाने के बाहर तैनात किए जा रहे हैं। घनिए के बांगर थाने पर ग्रेनेड धमाके में खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। पुलिस पहले इस मामले में चुप्पी साध गई थी परंतु अगले दिन दर्ज की गई एफआईआर से खुलासा हुआ कि थाने पर फेंके गए ग्रेनेड से ब्लास्ट भी हुआ था।






























