कोरबा। वसुंधरा पर हरियाली बिखेरने और पर्यावरण संतुलन को लेकर हर तरफ कोशिश हो रही है। इसके फायदे गिनाए जा रहे हैं। बारिश के मौसम का लाभ लेकर कोरबा में रक्षित पुलिस लाइन में पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। शनिवार को सुबह अभियान के अंतर्गत कई प्रजाति के पौधे लगाए गए जो पर्यावरण और औषधीय महत्व के हैं। वन विभाग से इन्हें प्राप्त किया गया है। लाइन को सुंदर बनाने के साथ पर्यावरण को बेहतर करना भी अभियान का उद्देश्य है। कार्यक्रम में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने संक्षिप्त में अपनी बात रखी और पर्यावरण की उपयोगिता पर जोर दिया। एडिशन एसपी यूवीएस चौहान, रक्षित निरीक्षक ए.आर. पैकरा के अलावा विभिन्न निरीक्षक, यातायात प्रभारी गोवर्धन मांझी, एएसआई मनोज राठौर, ईश्वरी लहरे के अलावा संतोष सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस स्टाफ की उपस्थिति रही।