
भटगांव। शिक्षा की नगरी कहे जाने वाला राजस्थान के कोटा में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के जरही निवासी एक मेधावी छात्र ने आत्महत्या कर ली है। छात्र दो साल से कोटा के एक प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट से जेईई की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि इस परीक्षा में अच्छा परिणामम नहीं आने पर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। यह खबर मिलते ही जरही स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजन सदमे में होने के कारण कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। घटना की सूचना उपरांत कोटा पुलिस शव को उतार अपने कब्जे में लेते हुए परिजनों का इंतजार कर रही है। जरही निवासी इंटक नेता अनिल चौधरी का इकलौता पुत्र शुभ चौधरी राजस्थान स्थित कोटा के एक इंस्टीट्यूट में विगत दो वर्षों से रहकर आइआइटी की तैयारी कर रहा था। उसने बीते 29 जनवरी को जेइइ की परीक्षा दी थी। इसका रिजल्ट मंगलवार की सुबह घोषित हुआ। रिजल्ट घोषित होने के उपरांत परिणाम अच्छा नहीं आने से क्षुब्ध होकर उसने अपने ही कमरे में चादर के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी परिजनों को तब मिली, जब मृतक की मां रोज की भांति मंगलवार सुबह बच्चे का हालचाल पूछने फोन लगाई। शुभ के द्वारा फोन रिसीव नही किया गया। इसके बाद परिजनों के द्वारा एक के बाद एक लगातार फोन किया जा रहा था परंतु फोन नही रिसीव होने पर मृतक के पिता ने तत्काल वार्डन अधीक्षक को फोन कर शुभ का हालचाल पूछ देखने की बात कही। वार्डन अधीक्षक ने रूम में जाकर आवाज लगाई। शुभ के द्वारा कोई जवाब नहीं देने पर आनन-फानन में दरवाजा तोड़ देखा तो शुभ का शव पंखे से लटका हुआ मिला। उसने तत्काल घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस समेत परिजनों को दी। यह खबर मिलते ही चौधरी परिवार में कोहराम मच गया। उधर मृतक के मामा दिल्ली से कोटा के लिए रवाना हो गए है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मौके की जांच कर मार्ग कायम कर शव अपने कब्जे में लेकर परिजनों का इंतजार कर रही है। डीएवी के एक शिक्षक ने बताया कि शुभ दसवीं तक की पढ़ाई हमारे स्कूल से की थी। वह शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहा था। उसने वर्ष 2022 में दसवीं की परीक्षा हमारे स्कूल से दी थी। इसमे उसका स्कोर 97.4 प्रतिशत रहा था। वह इतना टूट जाएगा नहीं पता था। मृतक के पिता अनिल चौधरी ने बताया कि उसकी मां सोमवार शाम को उससे बात कर रही थी। उसकी बातों से लगा कि वह थोड़ा दु:खी है। उसकी मां ने मुझे बोला कि बेटे से बात कर ले। मैने भी उससे बात की। वह बता रहा था कि उसकी परीक्षा ठीक नहीं गई। इस पर हम लोगों के द्वारा समझाया गया कोई बात नहीं अगली बार मेहनत कर लेना। अभी 12वी की परीक्षा शुरू होने वाली है उसकी तैयारी करो। क्या पता था उससे आखिरी बार बात हो रही है।





















