
बलौदा । वन विभाग ने पौधरोपण के लिए बुधवार को झपेली में अतिक्रमण हटाया मगर फलदार कई पेड़ और पौधे जेसीबी से उखाड़ दिए। ग्रामीणों को बिना सूचना के उनके वर्षो से काबिज जमीन में लगे पेड़ पौधों के उखाडऩे पर उनमें आक्रोश है। वन विभाग द्वारा बलौदा ब्लाक के ग्राम पंचायत झपेली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यहां ग्रामीण वर्षों से वन विभाग की जमीन में घर एवं बाड़ी बनाकर जीवकोपार्जन कर रह रहे हैं। ग्रामीण अपनी मेहनत से बाड़ी में फलदार पेड़ पौधे लगाए हैं । बुधवार को बिना सूचना के वन विभाग की टीम जेसीबी लेकर पहुंची और ग्रामीणों की बाड़ी में लगे पेड़ सागौन , आम, जामून, बोहार, नीबू, कोइलार, बेर, खम्हार,नीम जैसे कई पेड़ों को जेसीबी से उखाडऩे लगे। वन विभाग की टीम ने बलपूर्वक आठ ग्रामीणों के द्वारा वर्षों से काबिज जमीन में लगे लगभग 100 पेड़ पौधों को उखाड़ दिया । ग्रामीण रमेश कुमार कश्यप, सुरेश कुमार कश्यप ,दिनेश कुमार कश्यप ,रंगलाल कश्यप,जामवंत कश्यप, राजकुमार यादव , जयकृष्ण यादव, जगत राम बिंद का कहना है कि वन विभाग के अधिकारी द्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रहे हैं। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। इस संबंध में रेंजर से जब सवाल किया गया तो वे बेतुका जवाब देने लगे। सरपंच के रिश्तेदार को संरक्षण का आरोप ग्राम पंचायत झपेली में बुधवार को वन विभाग की कार्रवाई के बारे में ग्रामीणों का कहना हैं कि वन विभाग सरपंच के रिश्तेदार को संरक्षण दे रहा है। उनके कब्जे की जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। वहीं टीम एक शिक्षक के इशारे पर कार्य कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां के एक शिक्षक नरेश कश्यप प्राथमिक शाला भुजंग कछार ब्लाक पोड़ी उपरोड़ा जिला कोरबा में पदस्थ हैं। वे वहां बच्चों कोपढ़ाने के बजाय बुधवार को वन विभाग के टीम के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में लगे रहे। प्लांटेंशन के लिए कब्जा हटाया जा रहा है , पेड़ नहीं उखाड़ा गया है। कितने लोगों को नोटिस दी गई है इसकी जानकारी कार्यालय में मिलेगी। कार्यालय आकर जानकारी प्राप्त करें। सी आर राठिया रेंजर बलौदा।



















