
कोरबा। दीपका इंडस पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता विषय पर एक दिवसीय आयोजन किया गया । इस आयोजन में मुख्य रूप से विक्रम प्रताप चंद्रा(एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज कोरबा) एवं कृष्ण कुमार सूर्यवंशी (चीफ ज्यूडिशियरी मजिस्ट्रेट) उपस्थित थे । साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक प्रभारीद्वय सव्यसाची सरकार एवं श्रीमती सोमा सरकार भी सप्राचार्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे ।कार्यक्रम के शुरूआत विद्यालय की परंपरा के अनुसार आगंतुक अतिथियों का स्वागत तिलक एवं बैच लगाकर किया गया तत्पश्चात माँ सरस्वती के तैल्य चित्र पर दीपक एवं पुष्पांजलि अर्पित किया गया । आगंतुक अतिथियों के सम्मान में विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया एवं आकर्षक स्वागत नृत्य की प्रस्तुति दी गई । विद्यालय के नृत्य प्रशिक्षक हरि सारथी एवं यादव के द्वारा नयनाभिराम शिव तांडव नृत्य की ऊर्जामय प्रस्तुति दी गई।कार्यक्रम के शुरूआत में सर्वप्रथम विक्रम प्रताप चंद्रा (एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज कोरबा) ) ने उपस्थित छात्र-छात्राओं का ज्ञानवर्धन करते हुए बताया कि अगर हमें नियम और कानून की जानकारी है तो कोई भी हमारा शोषण या गलत फायदा नहीं उठा सकता । कभी-कभी हमारी जिंदगी में ऐसी घटनाएँ घटित होती है जिन पर हम चुप्पी साध लेते हैं जो हमारी मजबुरी होती है लेकिन हमें नियम व कानून की जानकारी होगी तो हम आसानी से प्रत्येक परिस्थिति से मुकाबला कर न्याय हासिल कर सकते हैं । आज कदम-कदम पर हमें जागरूक होकर आगे बढऩा चाहिए । आए दिन घरेलु हिंसा, मोटर दुर्घटना, प्रताडऩा इत्यादि खबरों को हम दैनिक समाचार पत्रों में पढ़ते रहते हैं लेकिन इन प्रकरणों के निराकरण में कितनी कठिनाईयाँ आवेदकों को उठानी पड़ती है शायद हमें इनका अनुमान नहीं, यदि हमें नियम और कानूनों की पूरी जानकारी होगी तो हमारा जीवन सरल हो जायेगा, हम अनुशासित हो जाएंगें । कृष्ण कुमार सूर्यवंशी (चीफ ज्यूडिशियरी मजिस्ट्रेट) ने बच्चों की जानकारी में इजाफा करते हुए बताया कि हमें जागरूक होकर अपने अधिकारों के प्रति लडऩा कानून या नियम ही सिखाते हैं इनके अभाव में हम विवश हो जाते हैं और सतत् रूप से शोषित होते रहते हैं । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार सुदुर ग्रामीण अंचल एवं आम लोगों तक कानून की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विधिक साक्षरता का आयोजन किया जाता है । जिससे प्रत्येक नागरिक को कानूनों की जानकारी हो और वे शोषण और अपराध से बच सकें । गाँवों में अक्सर जमीन-जायदाद संबंधी झगड़े, घरेलु हिंसा, छेड़छाड़, टोनही प्रताडऩा, दहेज प्रताडऩा इत्यादि विवादित मुद्दों से संबंधित मामले होते रहते हैं । यदि हमें नियमों की जानकारी होगी तो सर्वप्रथम तो हम अपराध करने से बचेंगें और अपराध हो भी जायेगा तो नियम के अनुसार उसकी सजा के प्रावधानों व जुर्मानों से अवगत होंगें । हम आने वाले जीवन में अनुशासित होंगें व सम्मानित जीवन व्यतीत करेंगें ।विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि नि:शुल्क विधिक सहायता लोक अदालत का आयोजन जिला, तहसील, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है जिसका एकमात्र उद्देश्य प्रत्येक भारतीय नागरिक तक नियम व कानूनों की जानकारी पहुँचाना होता है । हमें एक जागरूक नागरिक की तरह नियम व कानूनों से अवगत होकर एक संयमित जीवन व्यतीत करना चाहिए व शोषित होने से स्वयं को बचाना चाहिए । जानकारी के अभाव में अशिक्षित वर्ग, विशेषत: ग्रामीण अंचलों के निवासी अपने छोटी-मोटी समस्याओं के लिये वकीलों के चंगुल में फँस जाते हैं। भारत जैसे गरीब देश में न्यायिक प्रक्रिया महँगी और दीर्घकालीन होने के कारण सामान्य व्यक्ति को न्याय प्राप्त करना दुर्लभ होता जा रहा है। अत: आज इस बात की आवश्यकता है कि कानूनी शिक्षा के प्रचार और प्रसार के द्वारा विधिक साक्षरता के अभियान को सार्थक बनाया जाये।





























