
सूरजपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालत बड़सरा में संचालित परीक्षा केंद्र में बुधवार को प्रायोगिक परीक्षा के दौरान खुलकर नकल करने का मामला प्रकाश में आया है।। नकल करते परीक्षार्थी का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद अब भैयाथान के प्रभारी बीईओ मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। बता दें कि जिले के कई परीक्षा केंद्र बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल को लेकर हर वर्ष सुर्खियों में रहते है। उसके बावजूद ऐसे मामले प्रकाश में आने से निष्पक्ष परीक्षा संचालित करने के प्रशासनिक दावों की पोल खुलने लगती है। इन दिनों जिले भर में कक्षा दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। बुधवार को कक्षा दसवीं के विज्ञान व बारहवीं के जीवविज्ञान विषय का प्रेक्टिकल था। भैयाथान विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़सरा में ठेके पर नकल कराए जाने की जानकारी मिलने पर जब बुधवार को मीडिया कर्मी उक्त परीक्षा केंद्र में पहुंचे तो अवाक रह गए। प्रायोगिक परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी पुस्तक रखकर खुलकर नकल करते पाए गए। नकल करते परीक्षार्थी का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने से शिक्षा महकमा हरकत में आ गया है। मामला उजागर होने के बाद अब मामले की जांच कर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। मामला संज्ञान में आया है। मैं स्वयं गुरुवार को उक्त विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच करुंगा। संबंधित शिक्षक को तत्काल हटाया जाएगा और जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





























