प्रेमनगर व रामानुजनगर के सैकड़ों गांव में ब्लैकआउट

रामानुजनगर। शनिवार की शाम सूरजपुर जिले के रामानुजनगर, प्रेमनगर क्षेत्र में आकाशीय बिजली के साथ हुई तेज वर्षा और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा से कई पेड़ धराशाई हो गए। कई पेड़ों के डंगाल टूटकर विद्युत तार में गिर गए।इस कारण विश्रामपुर से सप्लाई होने वाली बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। पिछले 24 घंटे से प्रेमनगर व रामानुजनगर विकासखंड ब्लैकआउट हो गया है। भारी बारिश में बिजली की इस अव्यवस्था के कारण पेयजल आपूर्ति ठप पड़ गई है।लोग अपने मोबाइल चार्ज करने के लिए भी भटक रहे हैं। मोबाइल डिस्चार्ज होने के कारण लोगों का आपस में संवाद भी नहीं हो पा रहा है। सूरजपुर के बिजली अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों का दावा है कि रामानुजनगर क्षेत्र के केतका सब स्टेशन को छोडक़र रविवार की शाम साढ़े पांच बजे के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है किंतु रामानुजनगर, प्रेमनगर क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति अभी भी है। तेज हवा और बारिश के कारण 15 स्थान पर पेड़ टूट कर तरंगित तार के ऊपर गिर गए।दो स्थानों पर पेड़ गिरने से तार टूटकर जमीन पर पसर गया।तीन स्थानों पर इंसुलेटर ब्रष्ट हो गया। 33 केवी हाई टेंशन लाइन बंद हो जाने के कारण पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है।

RO No. 13467/11