फर्जी धान खरीदी में 61 लाख का अवैध भुगतान, नोडल अधिकारी निलंबित

जांजगीर-चांपा। तुलसी-किरीत में धान खरीदी में करोड़ों की गड़बड़ी मामले में शासन के द्वारा होल्ड किए गए किसानों के खातों में बोनस का 61 लाख 62 हजार हजार रुपए का अवैध भुगतान को लेकर जिला सहकारी बैंक जांजगीर-चांपा के नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय पर निलंबन की गाज गिरी। कलेक्टर के जांच प्रतिवेदन पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के सीईओ के द्वारा नोडल अधिकारी को तत्काल पद से हटाने की कार्रवाई की गई है। वर्ष 2021-22 में नवागढ़ तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र तुलसी और किरीत में शासकीय जमीन का पंजीयन कर फर्जी तरीके से करोड़ों की धान खरीदी हुई थी। मामला उजागर होने के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। जांच में करीब ढाई करोड़ रुपए की अवैध धान खरीदी होना पाया पाया गया चा। मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद दोनों केंद्रों में हुए धान खरीदी का पूरा रिकार्ड खंगाला गया और 145 किसानों की खरीदी-बिक्री संदिग्ध मिली थी। इस पर शासन के द्वारा सभी किसानों के खातों को होल्ड कर दिया था और आरहण भुगतान पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी होल्ड खातों में बोनस की राशि का भुगतान कर दिया गया। मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से हुई। जिस पर जिला स्तरीय जांच टीम बनाकर पूरे मामले की जांच कराई गई जिसमें शिकायत सही पाई गई। होल्ड हुए खातों में 77 लाख 15 हजार 336 में से 61 लाख 62 हजार 88 रुपए अवैध भुगतान पाया गया। जांच प्रतिवेदन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित को भेजा गया जहां जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दायित्व एवं कर्तव्य में लापरवाही बरतने के चलते जांजगीर-चांपा के नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय (सहायक लेखापाल) को तत्काल को सस्पेंड कर दिया गया है। छग सेवा सहकारी बैंक कर्मचारी सेवा नियम 1982 के नियम 60 (3) के तहत यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। नोडल अफसर अश्वनी पांडेय को मुख्यालय शाखा तखतपुर किया गया है।

RO No. 13467/11