
ढोढर, २४ नवंबर । ग्राम सरसौदा में एक वैवाहिक समारोह में भोजन करने के बाद लगभग डेढ़ सौ लोग बीमार हो गए। सभी को उपचार के लिए गांव के निजी चिकित्सालय और प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। कुछ गंभीर मरीजों को जावरा शासकीय चिकित्सालय रेफर किया गया। ग्राम सरसौदा के दीपक पुत्र रायचंद का वैवाहिक समारोह था। जहां भोजन करने के बाद लगभग डेढ़ सौ लोगों को पेट दर्द सहित उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिन्हें तत्काल गांव के निजी चिकित्सालय में ले जाया गया। लेकिन स्थिति को बिगड़ते देख तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढोढर पहुंचे और उपचार की जानकारी ली। साथ ही गंभीर मरीजों को एंबुलेंस से जावरा भिजवाया गया। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डा एसएल खराड़ी, एसडीएम अनिल भाना, तहसीलदार वैभव जैन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक डा. राजेंद्र पांडे भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मरीज से चर्चा की। स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।






























